पुलिस मुठभेड़ में शातिर स्नैचर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा।
गाजियाबाद, 7 जून। थाना इंदिरापुरम पुलिस ने स्नैचिंग और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर स्नैचर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटी गई चेन का टूटा हुआ हिस्सा तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12:20 बजे इंदिरापुरम थाना पुलिस वैशाली पुलिया के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कनावनी पुलिया की ओर से एक संदिग्ध स्कूटी सवार तेजी से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह स्कूटी मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो जल्दबाजी में उसकी स्कूटी फिसलकर सड़क पर गिर गई।
खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल पुत्र अरविंद निवासी गली नंबर-6, दयालपुर, दिल्ली तथा मूल निवासी ग्राम अखेपुर, थाना सरधना, मेरठ के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 27 वर्ष बताई गई है।
गाजियाबाद और एनसीआर क्षेत्र में राह चलते लोगों, विशेषकर महिलाओं से चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली, गाजियाबाद और एनसीआर क्षेत्र में राह चलते लोगों, विशेषकर महिलाओं से चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। लूटी गई चेन को दिल्ली में सस्ते दामों पर बेचकर मिलने वाले पैसों से वह अपने शौक पूरे करता था। आरोपी ने 22 मई 2026 को इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई एक स्नैचिंग की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, पीली धातु की चेन का टूटा हुआ टुकड़ा तथा बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ दिल्ली में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा मेरठ में भी उसके खिलाफ स्नैचिंग का मामला पंजीकृत है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




