विशेष संवाददाता, नई दिल्ली। ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सम्मेलन के दौरान करीब 15 हजार पुलिसकर्मियों के साथ अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां तैनात रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था पर चौबीसों घंटे नजर रखने के लिए 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पुलिस के स्पेशल कमिश्नर (सिक्योरिटी) मनीष कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को बताया कि सुरक्षा व्यवस्था इस तरह तैयार की गई है कि विदेशी मेहमानों को अधिकतम सुरक्षा मिले और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
उन्होंने बताया कि नई दिल्ली क्षेत्र में 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। इनमें 4के उच्च-रिजॉल्यूशन कैमरे, 2के कैमरे, चेहरा पहचान प्रणाली (एफआरएस) वाले कैमरे और वाहनों की नंबर प्लेट पढ़ने वाले कैमरे शामिल हैं। इन सभी कैमरों को एक सर्विलांस रूम से जोड़ा गया है। सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक आधारित निगरानी के साथ भौतिक तैनाती, प्रवेश नियंत्रण, सत्यापन, खुफिया सूचनाओं का संग्रह, यातायात प्रबंधन और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग स्रोतों से मिलने वाली खुफिया सूचनाओं का संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय और आदान-प्रदान किया जाएगा। प्राप्त सूचनाओं का तत्काल आकलन कर आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। विदेशी मेहमानों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ भी समन्वय बैठकें की गई हैं। मेहमानों के कार्यक्रम के अनुसार सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था से जुड़े इंतजामों में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
अमृत उद्यान 11-13 तक रहेगा बंद
राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान 11 से 13 सितंबर तक आम लोगों के लिए बंद रहेंगे। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से गुरुवार को जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। शनिवार, 12 सितंबर को राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में होने वाला चेंज ऑफ गार्ड समारोह भी आयोजित नहीं किया जाएगा। दिल्ली के भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक ब्रिक्स बिजनेस फोरम और 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। इसी अवधि में राष्ट्रपति भवन और अमृत उद्यान को आम लोगों के लिए बंद रखने की घोषणा की गई है।



