विशेष संवाददाता, नई दिल्ली
दिल्ली सरकार ने श्रमिकों और कामगारों तक सरकारी सेवाएं सीधे पहुंचाने की दिशा में नई पहल शुरू की है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय से चार ‘मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र वैन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मोबाइल वैन के जरिए श्रमिकों को उनके क्षेत्र में ही पंजीकरण, नवीनीकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के निर्माण और विकास में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। दिन-रात मेहनत कर दिल्ली को आगे बढ़ाने वाले श्रमिकों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। ‘मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ इसी सोच के साथ तैयार किए गए हैं ताकि सेवा केवल सरकारी कार्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद श्रमिक तक खुद पहुंचे।
दिहाड़ी का नुकसान भी नहीं होगा
मोबाइल सेवा केंद्रों का उद्देश्य खास तौर पर उन श्रमिकों को सुविधा देना है, जिन्हें पंजीकरण या सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपने काम से समय निकालकर दूर स्थित सरकारी कार्यालयों में जाना पड़ता है। मौके पर पंजीकरण और नवीनीकरण की सुविधा मिलने से श्रमिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने और दिहाड़ी गंवाने की जरूरत कम होगी।

इन वैन के माध्यम से श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी, जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी सहायता, डिजिटल सेवाओं तक पहुंच और विभिन्न सरकारी सुविधाओं के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल पंजीकरण करना नहीं, बल्कि श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और आवेदन प्रक्रिया में सहायता देना भी है।
निर्माण स्थलों और लेबर चौक तक जाएंगी वैन
सरकार के मुताबिक मोबाइल वैन निर्माण स्थलों, लेबर चौक और उन स्थानों तक पहुंचेंगी, जहां निर्माण श्रमिक काम करते हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वास्तविक निर्माण श्रमिकों का व्यवस्थित पंजीकरण नहीं होने के कारण कई बार वे सरकारी सुविधाओं और योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। मोबाइल सेवा केंद्रों के जरिए मौके पर ही पंजीकरण की व्यवस्था से इस समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार की योजना दिल्ली के प्रत्येक जिले में एक-एक मोबाइल वैन संचालित करने की है, यानी कुल 13 वैन संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही गिग वर्कर्स के लिए विश्राम और आवश्यक सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि ‘मोबाइल नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ की वैन स्वयं श्रमिकों तक पहुंचेंगी और उन्हें कार्यस्थल के आसपास आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इन वैन के जरिए नए श्रमिकों का पंजीकरण, पंजीकरण का नवीनीकरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन करने में सहायता दी जाएगी। साथ ही, श्रमिकों को उपलब्ध योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।

