गाजियाबाद (दयाल शर्मा) जगतगुरु श्री श्री 1008 मां पीताम्बरा पीठाधीश्वर संतोषानंद जी महाराज के गाजियाबाद आगमन पर श्रद्धालुओं एवं उनके अनुयायियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। गाजियाबाद में तीन दिवसीय प्रवास के दौरान गुरुजी का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अनुयायी एवं गणमान्य लोग पहुंचे। इस दौरान लोगों ने गुरुजी का स्वागत कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्रीमती माही ठाकुर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि संतोषानंद जी महाराज ने 17 वर्षों तक कठोर साधना कर आध्यात्मिक सिद्धि प्राप्त की और अपना जीवन जनकल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि गुरुजी के पास अपनी समस्याएं लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं समाधान का मार्ग मिलता है। उनके अनुयायियों का मानना है कि गुरुजी लोगों की समस्याओं को समझकर उन्हें उचित मार्गदर्शन और उपाय बताते हैं।
माही ठाकुर ने कहा कि गुरुजी के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से अनेक लोग आध्यात्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। यही कारण है कि उनके दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या लगातार पहुंचती रही।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंडित उमेश शर्मा जी ने कहा कि संत-महात्माओं का आशीर्वाद समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। संतों के सानिध्य और मार्गदर्शन से युवा पीढ़ी अपने धर्म, संस्कार एवं संस्कृति से जुड़कर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
उन्होंने कहा कि गुरुओं के आशीर्वाद से व्यक्ति को नई ऊर्जा और आत्मबल प्राप्त होता है। संतों के विचार और उनके जीवन से मिलने वाली सीख मन को शांति प्रदान करने के साथ-साथ समाज में सद्भाव, सेवा और संस्कारों की भावना को मजबूत करती है। आज आवश्यकता है कि हम अपनी नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के लिए ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
गुरुजी से आशीर्वाद प्राप्त करने वालों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंडित उमेश शर्मा, पंडित विनोदानंद जी महाराज, अरुण शर्मा, माही ठाकुर, कपिल जी, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग शामिल रहे। तीन दिवसीय प्रवास के दौरान गुरुजी के दर्शन और आशीर्वाद के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

