विशेष संवाददाता, नई दिल्ली
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश पर मंगलवार को दिल्ली महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया के. रहाटकर से मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने दिल्ली में महिलाओं व बच्चियों के साथ बढ़ते अपराधों, बलात्कार व उत्पीड़न पर गंभीर चिंता जताते हुए आयोग को ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान दिल्ली महिला कांग्रेस प्रभारी सुनीता शेरावत, प्रदेश अध्यक्ष पुष्पा सतबीर सिंह, राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर ज्योत्सना गोगिया और बदरपुर जिला अध्यक्ष कांता शर्मा मौजूद रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने दोषियों के खिलाफ त्वरित व कड़ी कार्रवाई और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि हर सरकार और संस्था की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

