12/09/2026 11:15 am
जनमंच संदेश जन जन की बात
जनमंच संदेश जन जन की बात
Janmanch letter head
Janmanch Sandesh Banner
अब-तक

TET का पेपर लीक, परीक्षा स्थगित, महाराष्ट्र में छापेमारी के बाद लिया फैसला

महाराष्ट्र में रविवार को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2026 को स्थगित कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि यह फैसला ठाणे जिले के भिवंडी में हुई एक छापेमारी के बाद लिया गया, जिसमें कुछ लोगों के पास ऐसे कई प्रश्न मिले, जो वास्तविक प्रश्नपत्र के सवालों से मिलते-जुलते थे।

28 जून, 2026 को निर्धारित परीक्षा को स्थगित।

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, “परिषद परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्थिति की गंभीरता और मामले की गहन जांच की आवश्यकता को देखते हुए 28 जून, 2026 को निर्धारित परीक्षा को स्थगित किया जाता है।”

गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्ध स्थान पर तत्काल छापेमारी की गई

ठाणे जिला प्रशासन के अनुसार, इस गड़बड़ी का पता शनिवार तड़के उस समय चला, जब पुलिस ने भिवंडी में परीक्षा के प्रश्नपत्रों से जुड़ी अनधिकृत जानकारी रखने वाले कुछ लोगों के बारे में मिली गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

ठाणे जिला प्रशासन ने बताया, “संदिग्ध स्थान पर तत्काल छापेमारी की गई। जब्त की गई सामग्री की जांच और सत्यापन के लिए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत पुलिस ने बुलाया। गहन जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि संदिग्धों के पास मिले कई प्रश्न 28 जून, 2026 को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के वास्तविक प्रश्नपत्र में शामिल सवालों से मेल खाते थे।”

इसके बाद भिवंडी थाने में औपचारिक रूप से आपराधिक मामला दर्ज किया गया और मामले की गहन जांच की जा रही है।महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (एमएससीई) ने परीक्षाओं में गड़बड़ी के प्रति किसी प्रकार की कोई नरमी नहीं बरतने की नीति दोहराते हुए कहा कि पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को इस गिरोह की निष्पक्ष एवं गहन जांच करने का अवसर देने के लिए परीक्षा स्थगित करना आवश्यक था।

परिषद ने अभ्यर्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की और कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 की नई तारीखों और संशोधित कार्यक्रम की घोषणा जल्द ही परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी।

 

पिछली खबर निर्जला एकादशी पर लोकांजलि फाउंडेशन ने राहगीरों एवं श्रद्धालुओं को... अगली खबर गाजियाबाद में अवैध हुक्का बारों पर छापा, 10 कर्मचारी गिरफ्तार...

Leave a Comment

WP Radio
WP Radio
OFFLINE LIVE